एटा। प्लॉट के बैनामा करने के नाम पर ठगी करने और रकम हड़पने के दो मामले अदालत के आदेश पर दर्ज किए गए हैं। एक कोतवाली देहात और दूसरा कोतवाली नगर में दर्ज किया गया है। कोतवाली देहात में अदालत के आदेश पर प्लॉट का सौदा तय करने के बाद बैनामा करने के नाम पर तीन लाख रुपये हड़पने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव नगला खिल्ली निवासी राकेश कुमार ने बताया कि सर्वेश कुमार निवासी बावसा कोतवाली देहात से बावसा अड्डा के पास प्लॉट 14 लाख में तय किया गया था।
25 जुलाई 2022 को तीन लाख रुपये गांव के ही नीरेश कुमार व अमरगोजिया के गौरव के सामने तीन लाख रुपये सर्वेश की दुकान पर दिए गए। 10 अक्तूबर को बैनामा का समय दिया गया। जब बैनामा कराने के लिए कहा तो सर्वेश कुमार ने बताया कि प्लॉट का सौदा दूसरे से ज्यादा रकम देने के चलते कर दिया गया है। इसके बाद रकम वापस करने के लिए कहा तो इन्कार कर दिया और धमकी दी गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।
कोतवाली नगर में श्रीकृष्ण निवासी भगीपुर ने अमर सिंह निवासी उद्दैतपुर हाल निवासी साक्षी नगर शिकोहाबाद रोड के खिलाफ दर्ज कराया है। आरोप है कि भगीपुर चुंगी के पास प्लॉट का सौदा करके बाद 4.90 लाख रुपये ले लिए और बैनामा नहीं किया। रकम मांगने पर हड़प कर ली गई और धमकी भी दी गई।