जैथरा। थाना क्षेत्र के गांव मड़फोड़ा में बुधवार को चकरोड की नाप के दौरान विवाद हो गया था। इसमें फायरिंग करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर तमंचा और दो खोखे कारतूस बरामद किए हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी जैथरा सुनील वर्मा ने बताया कि बुधवार को गांव मड़फोड़ा में विवादित चकरोड की नाप चल रही थी। इसी दौरान गांव के शिवम, अवधेश और उनके एक साथी वहां पहुंच गए।
आरोप है कि उन्होंने नाप बंद कराने को लेकर गाली-गलौज और मारपीट कर दी। बाद में जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना के संबंध में गांव निवासी रितेश की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। बृहस्पतिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नगला नारायण के पास से शिवम और अवधेश को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान शिवम के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर और दो खोखे कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने अवैध असलहा रखने के मामले में भी कार्रवाई की है।
सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजय शर्मा, मुख्य आरक्षी जितेंद्र सिंह, आरक्षी कपिलेश कुमार और दीपांशु चौहान शामिल रहे।