एटा। विद्यालय की छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही स्कूल बस को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। मलावन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर यह हादसा हुआ। गनीमत यह रही कि बस पलटने से बच गई और बड़ा हादसा होने से टल गया।
मामले की रिपोर्ट बस चालक रामब्रज निवासी डाडा थाना रिजोर ने थाना मलावन में दर्ज कराई है। बताया कि वह कुंवर मनोहर सिंह इंटर कॉलेज पुराव में बस चालक के रूप में कार्य करता है। 30 नवंबर को विद्यालय की छुट्टी के बाद बच्चों को छोड़ने के लिए विद्यालय से मलावन की ओर निकला था। बस बच्चों से भरी हुई थी। 3.25 बजे मलावन टोल पार किया ही था कि अचानक सामने गलत दिशा में एक सामने से आ गया, जो काफी तेज रफ्तार में था। इसने बस में जोर से टक्कर मार दी। जिससे बस काफी क्षतिग्रस्त हो गई और पलटने से बाल-बाल बच गई।
इस हादसे से बच्चों में भय का माहौल व्याप्त हो गया। थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि जिस ट्रक से हादसा हुआ, उसे थाने पर खड़ा करा लिया गया है। ट्रक चालक को भी पकड़ा गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कर दी गई है। बताया कि ट्रक ने जोर से टक्कर मारी दी। बस चालक ने सूझबूझ से पलटने से बचा लिया। यदि बस पलटती तो हादसा खतरनाक हो सकता था।