सिकहरा बिजली घर के समीप मंगलवार को ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। दुर्घटना में मौत से आक्रोशित ग्रामीणों सड़क पर उतर आए। लोगों ने गंजडुंडवारा-सिढ़पुरा मार्ग जाम कर दिया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद अफसरों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। बताया जा रहा है युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।
रंजीत पुत्र राजेश शाक्य निवासी नगला डरू बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र था। वह बाइक से कालेज जा रहा था। सिकहरा बिजली घर के निकट ट्रक की टक्कर लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर लगते ही रोते-बिलखते परिवारीजनों के साथ गांववाले वहां पहुंच गए। शव देखते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने कार्रवाई की मांग करते हुए रास्ता जाम कर दिया। हादसे में मौत और चक्काजाम की सूचना पर एसडीएम परवेज आलम, सीओ अमृत लाल मौके पर पहुंचे। वहीं समाजसेवी श्यामसुंदर गुप्ता भी आ गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझा कर शांत किया। करीब तीन घंटे बाद लोगों के शांत होने पर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। वहीं जाम से तमाम लोगों को दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा।