एटा। दीपावली पर्व के नजदीक आते ही रोडवेज निगम ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। वर्कशॉप में खड़ी खराब बसों को दुरुस्त कराया जा रहा है। जिससे त्योहार पर किसी भी प्रकार की समस्या न आए।
जिले के लोग बड़ी संख्या में दूसरे प्रदेशों सहित जनपदों में कार्य करते हैं। त्योहार पर यह लोग अपने घरों को लौटकर वापस आते हैं। नवंबर माह में दीपावली का त्योहार है। जिस पर काफी संख्या में लोगों का आवागमन बसों के जरिए होता है। इसको लेकर परिवहन निगम द्वारा अभी से तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। जिससे त्योहार पर घरों को आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। डिपो में वर्तमान में 70 बसें हैं। इसमें से करीब 30 बसों को दिल्ली मार्ग पर दौड़ाया जाता है।
जबकि अन्य बसें आगरा, फर्रुखाबाद, कानपुर, शिकोहाबाद आदि मार्ग पर जाती हैं। त्योहार पर दिल्ली मार्ग पर अधिक बसें दौड़ाई जाएंगी। हालांकि कुछ बसें अपना समय पूरा कर चुकी हैं, लेकिन उन्हें भी दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिससे बसों की त्योहार पर कमी न रहे। फोरमैन मुजीब खान ने बताया डिपो में 70 बसें है। सभी चल रहीं है, बसों में जो छोटी-छोटी खामियां है। उन्हें दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है।