एटा। जिला पंचायती राज विभाग में स्थानांतरित डीपीआरओ ने चार निलंबित कर्मचारियों को सवेतन बहाल कर नवीन ग्राम पंचायत में तैनाती दे दी। जबकि डीपीआरओ का स्थानांतरण 30 जून को हो चुका था।
तत्कालीन डीपीआरओ मनोज त्यागी का स्थानांतरण 30 जून को लखनऊ किया गया था। इसके बाद उन्होंने रिलीव होने से पहले चार सफाई कर्मचारियों को बहाल कर नवीन ग्राम पंचायत में तैनाती का आदेश जारी कर दिया। विकास खंड जैथरा की ग्राम पंचायत ततरई में तैनात सफाई कर्मचारी केंद्रपाल को दो जुलाई को सवेतन बहाल कर दिया।
वहीं अलीगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत अधिकारी अभय सिंह और उनके रुके हुए वेतन वृद्धि को बहाल कर दिया। अभय सिंह की वेतन वृद्धि साल 2018 से रुकी हुई थी और कई गंभीर आरोप में निलंबित भी किए जा चुके हैं। वहीं जैथरा ब्लॉक के सफाई कर्मचारी रत्नेश कुमार और धुल्ली सिंह को भी सवेतन बहाल कर दिया गया। सीडीओ डॉ. अवधेश कुमार बाजपेयी ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को सवेतन बहाल किए जाने का मामला संज्ञान में नहीं है। इसकी जांच कराई जाएगी और आदेश निरस्त कराया जाएगा।