जीटी रोड स्थित मानपुर पर धान की आवक आने के चलते लगा जाम। संवाद
एटा। जीटी रोड पर शुक्रवार को फिर जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जीटी रोड पर धर्मकांटा के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने से जाम की समस्या बढ़ रही है। वाहनों की कतारें हाईवे तक पहुंच गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी देर तक फंसे रहना पड़ा।
जीटी रोड पर धर्मकांटा के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं, अलीगंज मार्ग पर भी जाम लगने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। शहर में प्रवेश करने वाले यात्री वाहनों को बाईपास से होकर अंदर आना पड़ रहा है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है और समय भी अधिक लग रहा है।
अलीगंज मार्ग और जीटी रोड पर बार-बार लग रहे जाम से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धर्मकांटा के आसपास यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने की जरूरत है। इससे जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है।
मंडी के आसपास जाम की स्थित को काबू में किया गया है। जीटी रोड पर कुछ धर्मकांटों की वजह से जाम लगा था। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों को भेजकर वन-वे ट्रैफिक करके जाम खुलवाया गया। - अरुण कुमार सिंह, सीओ यातायात