मारहरा क्षेत्र में रविवार की सुबह कोहरे की चादर के पीछे छिपा सूरज। संवाद
जैथरा। होली के बाद मौसम में तेजी में तेजी से बदलाव होने से लोग अचरज में हैं। मौसम में अचानक से गर्माहट है, लेकिन सुबह के समय कुहासा छाया रहता है, कोहरा होने पर अवागमन प्रभावित हो रहा है। दृश्यता बहुत कम होने से वाहनों के टकराने की आशंका बनी हुई है। सुबह के समय घर से निकलने पर दिसंबर-जनवरी माह जैसा नजारा देखने को मिलता है। हल्की से ठंडक मौसम को सुहाना बनाती है, तो कोहरा होने पर दृश्यता बहुत कम होती है।
क्षेत्र के किसान धर्मवीर सिंह राठौर ने कहा सुबह जल्दी उठकर खेतों पर जाना होता है। उन्होंने कहा सुबह कोहरा होने पर मौसम में हल्की ठंडक होने पर खेतों में काम करना आसान हो रहा है क्योंकि दोपहर में तेज धूप हो जाती है, लेकिन सड़कों पर चलना बहुत मुश्किल होता है। कस्बे के प्रेम किशारे पांडेय ने कहा सुबह के समय पास के गांव में दूध लेने जाते समय बहुत सावधानी बरतनी होती है क्योंकि सड़क पर दृश्यता न होने पर वाहन की चपेट में आने की आशंका रहती है।
मारहरा में भी सुबह के समय कोहरा होने पर किसान खेतों में जल्दी पहुंचकर मटर तोड़ने का काम कर रहे हैं। फसल को वाहनों में लादकर मोहनपुरा मंडी भेजा जाता है। वाहन मंडी पहुंचने की जल्दी में तेज गति से गुजरते हैं, जिनसे हादसे की आशंका रहती है। दृश्यता न होने पर सुबह के समय काम पर जाने वाले लोग कुछ देर से घर से निकलने को मजबूर हैं।