एटा। यातायात जागरूकता माह के दौरान शहर में वाहन चालक खुलेआम नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस इन लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं करती है। दोपहिया वाहन चालक चौराहों पर खड़े ट्रैफिक पुलिस व होमगार्ड के सामने से बिना हेलमेट के निकल जाते हैं, लेकिन ट्रैफिक पुलिस उन्हें रोकती तक नहीं है।
दोपहर 12:00 बजे: माया पैलेस चौक
यहां दोपहिया वाहन चालक यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हैं। यहां ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए चार होमगार्ड सहित ट्रैफिक पुलिस बल भी तैनात रहता है। लेकिन फिर भी वाहन चालक यातायात के नियमों का पालन नहीं करते हैं। ट्रैफिक पुलिस के सामने से बिना हेलमेट के गुजर जाते हैं, लेकिन ट्रैफिक पुलिस उन्हें रोकती तक नहीं है।
दोपहर 12:30 बजे: कचहरी रोड तिराहा
कचहरी रोड तिराहे पर भी वाहन चालक यातायात के नियमों का पालन करते नहीं दिखे। ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहनों को रोकने के बाद भी दोपहिया वाहन चालक तेजी से गाड़ी दौड़ाते नजर आए। वहीं दोपहिया वाहन चालक भी यहां हेलमेट का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे।
दोपहर 01:00 बजे: ठंडी सड़क तिराहा
ठंडी सड़क तिराहे पर तीन होमगार्ड होने के बाद भी दोपहिया वाहन चालकों को कोई भय नहीं था। वे बिना हेलमेट के ही बेरोक-टोक निकलते रहे। यातायात जागरूकता माह चलने के बाद भी उन्हें चालान कटने तक का खौफ नहीं है। अगर कोई ट्रैफिक पुलिसकर्मी उन्हें रोकने की कोशिश करता है, तो गाड़ी तेजी से दौड़ा कर भगा ले जाते हैं।
दोपहर 01:30: हाथी गेट चौराहा
जीटी रोड स्थित हाथी गेट चौराहे पर प्रतिदिन जाम के हालात बने रहते हैं। ऐसे में यहां आठ से दस ट्रैफिक पुलिसकर्मी और होमगार्ड तैनात रहते हैं। कभी कभार यहां वाहन चालकों के चालान होते हैं, लेकिन शनिवार को ट्रैफिक पुलिस कर्मी नियमों का उल्लंघन कर रहे वाहन चालकों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे थे।
पिछले साल नहीं दी थी बिना हेलमेट के पेट्रोल
पिछले साल यातायात माह के तहत नो हेलमेट नो पेट्रोल अभियान चलाया गया। इसमें प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप को हिदायत दी थी कि अगर कोई दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट के पेट्रोल लेने आता है तो उसे पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। लेकिन इस साल बिना हेलमेट के पेट्रोल दिया जा रहा है।
दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने के लिए कहा जाता है, लेकिन कोई लगाना नहीं चाहता है। वहीं दो से तीन बार एक ही दोपहिया वाहन के चालान काटे जा रहे हैं, इसके बाद भी लोग हेलमेट नहीं लगा रहे हैं।
- बचान सिंह शाक्य, यातायात प्रभारी।