जाम से निपटने को पुलिस प्रशासन ने भी कवायद शुरू कर दी है। एसपी ने सोमवार को इस समस्या से निजात दिलाने को व्यापारियों के साथ बैठक कर हल निकालने का प्रयास किया। उन्होंने सर्कुलर रोड एवं बाजारों में व्यापारियों से अतिक्रमण हटाने की अपील की। वहीं व्यापारियों ने इस समस्या का स्थायी हल को बाईपास निर्माण की मांग जोरशोर से उठाई।
एसपी हिमांशु कुमार ने जाम की समस्या को समाप्त करने को व्यापारी संगठनों के साथ बैठक की। व्यापारियों ने जाम से निपटने के सुझाव दिए और अतिक्रमण हटाने का भरोसा दिया। दुकानदारों ने सड़क की पटरियों के निर्माण कराने की मांग उठाई, जिससे सड़क का दायरा बढ़ सके। व्यापारियों ने समस्या का स्थायी हल बाईपास बताते हुए निर्माण की मांग उठाई। सभी ने एक सुर में कहा कि जब तक बाईपास का निर्माण नहीं हो जाता, जाम की समस्या से निजात नहीं मिल सकती। इस पर एसपी ने व्यापारियों से पहले अतिक्रमण हटाने की अपील की। साथ ही बाईपास के मुद्दे पर जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को पत्र प्रेषित कराने का भी भरोसा दिलाया।
एसपी ने बाजारों में पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं चौकीदारों की तैनाती करने पर जोर दिया। व्यापारी नेताओं में सतीश गुप्ता, अखिलेश अग्रवाल, सुरेश वार्ष्णेय, डा. फारूख, अनिरुद्ध पल्तानी, राजेंद्र गुप्ता, दविंदर चंडौक, ने अपने सुझाव दिए। इस दौरान एएसपी राधे मोहन भारद्वाज, कोतवाली प्रभारी पद्म सिंह, अशोक अग्रवाल, राजवीर सिंह, हिंमाशु माहेश्वरी, रजत बिड़ला, प्रदीप शर्मा, नूरुल हसन, डा. लायक अली सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री से मिलेगा व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल
उत्तर प्रदेेश उद्योग एवं व्यापार संगठन ने बाईपास निर्माण एवं व्यापारिक समस्याओं के संबंध में मंथन किया। बैठक में निर्णय लिया है कि शहर की सबसे बड़ी समस्या जाम है। इससे निजात दिलाने को बाईपास निर्माण बहुत जरूरी है। इसके संबंध में व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिलकर समस्या का समाधान कराने की मांग करेगा। साथ ही इस आंदोलन को तेज किया जाएगा।
व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष सुरेश चन्द्र वार्ष्णेय ने कहा कि नगर में बाईपास मार्ग का निर्माण न होने से यातायात व्यवस्था ध्वस्त है। जब तक बाईपास का निर्माण नहीं होगा तब तक न तो शहर का विकास होगा और न ही जाम की समस्या समाप्त होगी। वह व्यापार संगठन के मुखिया व मंत्री नरेश अग्रवाल से मिलकर समस्या का समाधान कराने की मांग रखेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री से मिलने का समय लेंगे। महामंत्री डा. फारूख ने बाईपास निर्माण मुहिम की सराहना की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बनी इस समस्या का समाधान होना बहुत जरूरी है। इसके लिए पूरे शहर को एकसाथ मिलकर लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने व्यापारियों से मुहिम के अंतर्गत हस्ताक्षर कर शासन-प्रशासन से बाईपास निर्माण की मांग की। इस दौरान रविकांत सक्सेना, गुंजन अग्रवाल, हरीश कुमार वार्ष्णेय, कुलदीप सक्सेना, शैलेश माहेश्वरी, पंडित अमित कुमार पाठक, कुलदीप सक्सेना, आकाश साहू, अजीत सोलंकी, अभिषेक, कपिल शर्मा, राजकुमार राधव, अनुज माहेश्वरी, जगदीश सिंह आदि मौजूद रहे।