उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल (मिश्रा गुट) ने मंगलवार को अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर शहर में विशाल जुलूस के साथ मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त एसडीएम संदीप गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। जुलूस के लिए सैकड़ों व्यापारी सुबह जीटी रोड स्थित जैन धर्मशाला पर एकत्रित हुए और इसके बाद जीटी रोड से कचहरी रोड होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे, जहां डीएम की गैर मौजूदगी में अतिरिक्त एसडीएम को ज्ञापन सौंप अपनी मांगों के निस्तारण की मांग की।
व्यापारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस समय व्यापारी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अधिकारी कर्मचारी भी व्यापारियों का शोषण कर रहे हैं। यदि संबंधित विभागों से भ्रष्टाचार दूर नहीं किया गया और व्यापारियों को सुरक्षा प्रदान नहीं की गई तो प्रदेश में व्यापार एवं व्यापारी दोनों चौपट हो जाएंगे।
जुलूस में एकत्रित व्यापारियों को कलक्ट्रेट पर एससी जैन प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश मंत्री रामजीलाल अग्रवाल, जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता, जिला महामंत्री दिनेश कुमार वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, नगर महामंत्री जितेंद्र जैन, उद्योग मंच के जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह गहलौत, महामंत्री पंकज गुप्ता, जिला युवाध्यक्ष अतुल राठी, मंडी समिति अध्यक्ष हरीश गुप्ता, सुजीत देव वार्ष्णेय, गणेश वार्ष्णेय, मिथलेश यादव ने संबोधित किया।
ये हैं मांगें
- मंडी समिति और वैट विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार समाप्त हो।
- वैट और मंडी समिति विभाग के सचल दल समाप्त किए जाएं।
- नई वस्तुओं पर मंडी शुल्क वापिस लिया जाए।
- मशीनरी टूल्स पर बढ़े हुए वैट को वापस लिया जाए।
- खाद्य सुरक्षा अधिनियम में व्यापक परिवर्तन एवं नियम सरल किए जाएं।
- लड़खड़ाती विद्युत व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
- प्रदेश में कानून एवं न्याय व्यवस्था चुस्त एवं दुरुस्त की जाएं।
- व्यापारियों को अपनी सुरक्षा हेतु अस्त्र-शस्त्र के लाइसेंस उदारता के साथ दिए जाएं।