अलीगंज क्षेत्र अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर। संवाद
अलीगंज। क्षेत्र में फिरोजाबाद से ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट खाली कर अपने गांव लौट रहा रविवार की सुबह बढ़ापुर की ओर से नगला मोहन चौराहे के पास खेत के गहरे गड्ढे में उतरकर पेड़ से टकरा गया। आस-पास के ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को ट्रैक्टर के पहियों के नीचे से निकाला। पुलिस ने सामुदायिक केंद्र भेजा, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि अनुमान है कि सुबह झपकी लगने के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
ग्राम सुमौर निवासी बृजेश कुमार (40) ट्रैक्टर -ट्राली में ईंट लेकर फिरोजाबाद गए थे। वह रविवार की सुबह फिरोजाबाद से लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि नगला मोहन चौराहे के पास अचानक ही वह ट्रैक्टर से नियंत्रण खो बैठे। ट्रैक्टर लहराता हुआ सड़क से काफी नीचे खेत के गड्ढे में गिर गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और राहगीर मौके की ओर दौड़ पड़े। किसी तरह घायल चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया और तत्काल थाना अलीगंज पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बृजेश कुमार को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया, यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के दौरान बृजेश ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गए थे, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। ट्रैक्टर चालक के परिजन को हादसे की सूचना मिली। परिजन में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग बदहवास हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना चालक को नींद आने के कारण हुई प्रतीत हो रही है।