एटा। पेट्रोल पंपों पर हवा, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी जनसुविधाएं अनिवार्य हैं लेकिन जिले में पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा इन मानकों की अनदेखी की जा रही है। कुल 120 पेट्रोल पंपों में से लगभग 50 से अधिक पंपों पर यह सुविधाएं नहीं हैं।
विशेष रूप से वाहनों में हवा भरने की व्यवस्था अधिकांश पंपों पर चरमरा गई है। जहां हवा की मशीनें लगी भी हैं, वहां या तो वे खराब पड़ी हैं या फिर उन्हें संचालित करने वाला कर्मचारी मौजूद नहीं है। ऐसे में वाहन चालकों को मजबूरन बाहर की दुकानों पर पैसे देकर हवा डलवानी पड़ रही है।
यह है नियम
सरकारी मानकों के अनुसार, प्रत्येक पेट्रोल पंप पर कार, बाइक व अन्य वाहनों के टायरों में हवा भरने की नि:शुल्क सुविधा, पीने का शुद्ध पानी और शौचालय की व्यवस्था होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, पंपों पर कार्य अवधि, तेल कंपनी के कर्मचारी का नाम व टेलीफोन नंबर, पेट्रोल-डीजल के दाम और फर्स्ट एड बॉक्स प्रदर्शित करना भी जरूरी है।
हकीकत कुछ और ही
जिले के अधिकांश पंपों पर ये सुविधाएं महज दिखावा बनकर रह गई हैं। कई पंपों पर तो शौचालय बने होने के बावजूद उन पर ताला लटका मिलता है। वहीं, हवा भरने की मशीन तो हैं लेकिन उन्हें चलाने वाला कोई कर्मचारी नहीं होता।
शिकायत के बाद हरकत में आए अधिकारी
इस मामले में निधौली कलां निवासी बसंत गुप्ता ने सीपी ग्राम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के संज्ञान में आने पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक आकाश दीप तिवारी ने पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में फिलहाल 19 सीएनजी आउटलेट संचालित हैं और नेटवर्क विस्तार की प्रक्रिया जारी है। साथ ही सभी पंपों को नि:शुल्क हवा की सुविधा तत्काल सुचारू करने के निर्देश दिए गए हैं।
बोले अधिकारी
जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर जनसुविधाएं और नि:शुल्क हवा उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। नियमित रूप से इसकी मॉनिटरिंग भी की जाती है। जिन पंपों पर ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें जल्द शुरू कराया जाएगा। ऐसा न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-कमलेश कुमार गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी
मारहरा मिरहची रोड अस्पताल के सामने नायरा पेट्रोल पंप पर ख़राब पड़ी हवा डालने वाली मशीन। संवाद
मारहरा मिरहची रोड अस्पताल के सामने नायरा पेट्रोल पंप पर ख़राब पड़ी हवा डालने वाली मशीन। संवाद
मारहरा मिरहची रोड अस्पताल के सामने नायरा पेट्रोल पंप पर ख़राब पड़ी हवा डालने वाली मशीन। संवाद