अपने बीमार बेटे का इलाज कराने दिल्ली गए परिवार को चोरोें ने चपत लगा दी।
बंद घर से चोरों ने ताले तोड़कर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई
है।
माया कुंआ गली खिडकिया मंदिर के निवासी दिनेश अग्रवाल पुत्र किशन चंद्र
नौ वर्षीय पुत्र तुषार की तबियत खराब होने पर परिजन उसे शनिवार को इलाज के
लिए दिल्ली लेकर गए थे। कई दिन से घर बंद होने का चोरों ने पूरा फायदा
उठाया। चोरों ने बुधवार की रात को घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर
में प्रवेश कर लिया।
घर के अंदर के कमरों के ताले तोड़कर कमरों की अच्छी
तरह से तलाशी ली। चोरों ने 1.5 लाख रुपये की नगदी के अलावा गले का सेट, चार
चूड़ी, 11 अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी के बरतन सहित लगभग पांच लाख मूल्य के
माल पर हाथ साफ कर दिया। जब पड़ोसी ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा
देखा तो अनहोनी की आशंका हुई। अंदर झांककर देखा तो घर अस्तव्यस्त हालत में
था। उन्होंने फोन से उन्हें सूचना दी। सूचना पर वे घर लौटे। उन्होंने मामले
की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आस पास के
लोगों से पूछताछ की। घनी आबादी के बीच स्थित आवास में हुई चोरी की इस
वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।