एटा। थाना बागवाला के गांव हिम्मतपुर में एक युवक ने शराब के नशे में परिजन को डराने के लिए फंदा लगा लिया। किसी तरह फंदा कस गया और उसकी मौत हो गई।
गांव हिम्मतपुर निवासी रतन कुमार ने बताया कि लगभग डेढ़ माह पूर्व ही भाई अखिलेश (26) का मैनपुरी जिले से विवाह हुआ था। बृहस्पतिवार को शाम के समय वह शराब पीकर आए और जान देने की बात कहने लगे। परिजन को लगा कि अखिलेश मजाक कर रहे हैं, इसलिए किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। इतने में अखिलेश ने पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर गले में फंसा लिया। यह देखकर परिजन उनके पास पहुंचे और फंदे से उतारा। हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज लाए। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम कराए बिना ही घर ले गए।