एटा। गांव सरकरी की पुलिया के पास उड़ेरी बंबा पर शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने से भीषण भिड़ंत हो गई। अवागढ़ थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में चाचा-भतीजे सहित तीन लोगों की मौत हो गई। गंभीर घायल एक युवक को आगरा रेफर किया गया है।
हादसे में एक बाइक पर सवार ज्ञान सिंह (55) और उनका भतीजा प्रदीप कुमार (25) निवासी छैया थाना अवागढ़ और दूसरी बाइक पर सवार गौरव (22) निवासी गांव गदनपुर थाना कोतवाली देहात की मौत हुई है।
मामले की जानकारी होने के बाद मारहरा के विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी मोर्चरी पहुंचे और शोकाकुल परिजन को सांत्वना देते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
वहीं विनय उर्फ छोटू (30) निवासी जमालपुर थाना निधौली कलां गंभीर रूप से घायल है। मेडिकल कॉलेज से चिकित्सक ने विनय को आगरा रेफर कर दिया। गौरव और इसका फुफेरा भाई विनय अवागढ़ से गांव जमालपुर जा रहे थे।
प्रदीप कुमार के ससुर अजय कुमार निवासी सुम्मेरपुर, हाथरस ने बताया कि प्रदीप की भैंस बीमार थी। शनिवार को हालत अधिक खराब होने की वजह से चाचा ज्ञान सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर थाना निधौली कलां के गांव मीसाकलां से पशु चिकित्सक को बुलाकर लाए थे।
भैंस को दिखवाकर चिकित्सक को मीसाकलां छोड़कर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे हुए हादसे में दोनों की मौत हो गई। बताया कि 2020 में बेटी की शादी प्रदीप के साथ की थी। इनके दो छोटे बच्चे हैं। अवागढ़ थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार व लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। बाइक सवारों ने हेलमेट भी नहीं लगाया था। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
मृतक ज्ञान सिंह फाइल फोटो
मृतक ज्ञान सिंह फाइल फोटो