मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में घायल का उपचार करते चिकित्सक। संवाद
एटा। सहावर मार्ग पर लहरा गांव के पास सड़क हादसा हो गया। इसमें ट्यूशन पढ़कर लौट रहे बाइक सवार दो छात्रों सहित 3 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। एक छात्र की हालत को गंभीर देखते हुए आगरा रेफर किया गया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र में बुधवार शाम सहावर रोड पर गांव लहरा के पास ट्यूशन से लौट रहे दो छात्रों की बाइक पैदल जा रहे व्यक्ति से टकराकर खाई में गिर गई। इसकी वजह से नगला समल निवासी सनी और नरेंद्र के साथ ही लहरा निवासी सुनहरी लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। छात्र सनी ने बताया कि ट्यूशन पढ़कर बाइक से घर लौट रहे थे। गांव लहरा के पास उनकी बाइक कोहरे के कारण पैदल जा रहे सुनहरी लाल से टकरा गई। इसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।
दुर्घटना में सुनहरी लाल और दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे विजयपुर निवासी कार सवार सोमेंद्र ने तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने नरेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया है। शेष का यहीं इलाज चल रहा है।
इसके अलावा मलावन थाना क्षेत्र में हाईवे पर आसपुर टोल प्लाजा के पास एक बाइक की चपेट में आने से दो लोग घायल हो गए। हादसे में बाइक चालक सौरभ निवासी मलावन और पैदल जा रहा ट्रक चालक रफीकुल घायल हो गए। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में अमर सिंह, शिव कुमार, सुशील निवासी जैथरा और जुगेंद्र सिंह निवासी प्रथम नगर कोतवाली देहात घायल हुए हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में ही इलाज चल रहा है।- दीपक