एटा। अलग-अलग स्थानों पर शनिवार को करंट से महिला सहित तीन लोग झुलस गए। इनमें दो का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। एक किशोर की गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर किया गया है।
सुनहरी नगर निवासी दिव्यांशु ने बताया कि सकीट रोड पर वार्ष्णेय इंटर कॉलेज के पास भाई सोनू यादव नाश्ता कर रहा था। इसी दौरान तूफानी पंखे को हटाने पर उसे करंट लग गया। लोग उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाए। यहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ है। दूसरी घटना में कृष्णा निवासी न्यू रेवाड़ी मोहल्ला ने बताया कि मां शशि देवी घर पर सफाई करते समय तूफानी पंखे में छू गईं और करंट लग गया। उनकी चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाए। यहां उपचार के बाद उनकी सेहत में सुधार हुआ है। तीसरी घटना में जिला अमरोहा निवासी मोहम्मद अकील ने बताया कि बेटा मोहम्मद ताला एक दुकान पर काम करते वक्त करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल की इमरजेंसी लाए तो प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया।