एटा। जिला अस्पताल में बने एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) में कुपोषित बच्चों को नई जिंदगी देने का प्रयास चल रहा है। इसी के तहत आरबीएसके टीम ने तीन बच्चों को शुक्रवार को एनआरसी में भर्ती कराया। ारबीएसके टीम निधौली कलां से डॉ. इशरत ने बताया एक वर्षीय अर्जुन को एनआरसी में भर्ती कराया है। अर्जुन का वजन इस समय 4 किलो है। पहले अर्जुन के दिल में छेद था, जिसका ऑपरेशन हुआ था। जिसके बाद फॉलोअप में कुपोषित पाए जाने पर उसको यहां भर्ती किया है।
इसके साथ ही आरबीएसके टीम बी शीतलपुर से डॉ. कुलदीप पांडे व रतनेश ने 7 माह के जेपी को एवं आरबीएसके टीम बी अलीगंज से डॉ. हर्ष भारद्वाज ने 4 वर्षीय मंजरी को पोषण पुनर्वास केंद्र पर भर्ती कराया है। इस समय मंजरी का वजन 8.9 किलो है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरबीएसके टीमों को अति कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराकर इलाज कराने के लिए निर्देशित किया है। बच्चों की मां को 50 रुपये प्रतिदिन की धनराशि के साथ निशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की जाती है।