एटा। जैथरा के नगर पंचायत अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी दी गई। बातचीत के लिए थाना प्रभारी और विधायक ने आरोपी को थाने पर बुलाया तो वहां भी अभद्रता की गई। चेयरमैन की तहरीर पर एक भाजपा नेता सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। भाजपा नेता एसडीओ विद्युत को धमकाने के मामले में दो दिन पहले ही जमानत पर छूटकर आया है।
चेयरमैन विवेक कुमार गुप्ता ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 12.15 बजे अपने आवास से एटा की ओर निकले थे। थाने के पास सुनील बौद्ध की चाय की दुकान है। इसके सामने अनुराग उर्फ जीतू राठौर निवासी ग्राम चिलौली और उसके साथी सुनील शाक्य निवासी मोहल्ला शास्त्रीनगर ने मेरी ओर उंगली से इशारा कर गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। चेयरमैन ने कहा है कि अनुराग राठौर और उसके साथियों से उन्हें व परिवार को जान-माल का खतरा है। यह भी बताया कि सुनील बौद्ध की चाय की दुकान पर अपराधिक किस्म के लोग एकत्रित होते हैं। चेयरमैन की तहरीर पर दोनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जब चेयरमैन तहरीर देने थाने पर पहुंचे थे, उसी समय वहां अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर भी पहुंच गए। अनुराग को भी थाने पर बुलाया गया। लेकिन वहां भी अनुराग के तेवर तीखे थे। चेयरमैन ने बताया कि थाने में भी आरोपी ने अभद्रता की। उस समय वहां विधायक और थाना प्रभारी फूलचंद मौजूद थे। उन लोगों ने आरोपी की फटकर भी लगाई। बता दें कि अनुराग के विरुद्ध एसडीओ विद्युत जैथरा ने कार्यालय में घुसकर धमकाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट लिखाई थी। जिसमें उसने 26 सितंबर को कोर्ट में सरेंडर किया और 28 सितंबर को जमानत पर रिहा हुआ।
चेयरमैन चुनाव से चल रहा विवाद
विवेक गुप्ता निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े और जीते थे। जबकि भाजपा की टिकट पर पूर्व चेयरमैन विजेंद्र सिंह चौहान ने चुनाव लड़ा था, जिन्हें पराजय का सामना करना पड़ा। आरोपी अनुराग राठौर पूर्व चेयरमैन पक्ष का है और चुनाव के समय से ही विवेक गुप्ता से विवाद की स्थिति बन गई थी।
चेयरमैन ने जो प्रार्थना पत्र दिया, उसके आधार पर जैथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसकी जांच शुरू करा दी गई है। सुरक्षा के लिए पूर्व में उन्होंने आवेदन किया था। इसका निर्णय जिला सुरक्षा समिति ही लेती है। - सुधांशु शेखर, सीओ अलीगंज