राजा का रामपुर क्षेत्र के ग्राम अंगदपुर में चोरी के बाद टूटी पड़ अलमारी। संवाद
राजा का रामपुर। गांव अंगदपुर में चोरों ने बंद पड़े मकान में 60 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। शिकायत के बाद डाॅग स्क्वाड और फील्ड यूनिट के साथ थाना पुलिस चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
अंगदपुर निवासी रामसेवक की गांव में घर पर ही परचून की दुकान है। किसी काम से रामसेवक शनिवार को गांव से बाहर गए थे। घर पर अकेली होने पर पत्नी सूरजमुखी पोते को लेकर गांव के दूसरे मकान में परिजन के साथ चली गई। सुबह होने पर वह घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर देखा तो तीनों कमरे के ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा था। शोर सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। चोरी की सूचना पर 112 डायल पुलिस और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने डॉग स्क्वाड और फील्ड यूनिट टीम को घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के लिए बुलाया। क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार ने बताया पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।