एटा। लगातार तीसरे दिन फिर एक घर को चोरों ने निशाना बनाया। इस बार घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव गाजीपुर पहोर में हुई। यहां से चोर 5 लाख के करीब जेवर व नकदी उड़ाकर ले गए। वारदात के दौरान महिला जाग गई तो दो चोरों ने मुंह और हाथ दबाकर रखे। इसके बाद चोरी कर भाग गए।
गांव गाजीपुर पहोर निवासी नरेश चंद्र पचौरी के घर में बुधवार की रात करीब एक बजे चोरी हुुई। गृह स्वामी ने बताया कि सोने का हार, मंगलसूत्र, दो चेन, 4 अंगूठी, झाले, झुमकी, दो चूड़ी और 7 हजार रुपये नकदी चोरी हुए हैं। बताया कि चोरों ने छत के रास्ते से घर में प्रवेश किया था। चोरी के दौरान पत्नी शोभा देवी जाग गई और चिल्लाने का प्रयास किया तो दो चोरों ने मुंह और पैर चारपाई पर ही दबा लिए। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया और छत के रास्ते से ही फरार हो गए।
बताया कि चोरों के जाने के बाद पत्नी ने मुझे बाहर आकर जगाया। तब रात करीब 1.30 बजे पुलिस को खबर दी। 10 मिनट में पहुंची पुलिस तलाश में जुटी रही लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। थाना प्रभारी शंभूनाथ सिंह ने बताया कि गाजीपुर पहोर में चोरी की वारदात हुई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों की तलाश में दो टीमें लगी हुई हैं। चोरी की दोनों वारदातों के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।
आधा घंटा पहले ही गांव से लौटी थी पुलिस
थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर में सोमवार की रात को तीन घरों से करीब 11 लाख की चोरी हुई थी। इसको लेकर पुलिस ने रात के गश्त में इजाफा कर दिया। बुधवार की रात करीब 12.14 पर हल्का दरोगा रूपचंद्र पुलिस के साथ गांव गाजीपुर पहोर पहुंचे थे। यहां से लाइव लोकेशन भी विभाग को भेजी गई। इसके बाद 45 मिनट के बीच में ही चोरी हो गई।
कान के कुंडल उतारने का भी किया प्रयास
गाजीपुर पहोर में वारदात को अंजाम देने वाले चोर पूरी तरह से बैखौफ थे। शोभा देवी जब जाग गई तो कानों के कुुंडल उतारने का भी प्रयास किया। इसके बाद जब कुंडल नहीं उतरे तो छोड़कर भाग गए।
घर में घुसकर महिला से अभद्रता, लूटे कुंडल
एटा। नामजदों ने घर में घुसकर महिला से अभद्रता कर उसके कानों से कुंडल लूट लिए। अदालत ने आरोपियों को तलब करने का आदेश जारी किया है।
मामला शहर कोतवाली का है। आरोप के अनुसार 24 जुलाई 2022 को शाम 7 बजे रिजोर थाने के गांव निधौलीखुर्द निवासी संजीव व विजय महिला के घर आए और महिला को निर्वस्त्र कर जमीन पर गिरा लिया। संजीव गलत हरकतें करने लगा। चीख-पुकार मचाने पर आरोपी महिला के कानों के कुंडल लूटकर भाग गए। इस वारदात की पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न किए जाने पर महिला ने अदालत में अर्जी पेश की। जिस पर हुई सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित क्षेत्र वीरभद्र ने अपराध के तथ्य पाए जाने पर आरोपियों को तलब करने का आदेश जारी कर दिया।