उत्तर प्रदेश के एटा में शनिवार की देर शाम दुकान में एक चोर महिला दुकानदारों को बातों में उलझाकर दो मोबाइल फोन चुराकर फरार हो गया। मोबाइल न मिलने पर जब सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखीं, तो पता चला कि कपड़े खरीदने आया व्यक्ति ही चोर था। सीसीटीवी फुटेज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना थाना रिजोर क्षेत्र के गांव गुमानपुर की है। गांव निवासी रजनीश कुमार ने बताया कि गांव के बाहर सड़क पर उनकी कपड़ों की दुकान है। घर की महिलाएं इस दुकान को चलाती हैं। शनिवार की देर शाम एक व्यक्ति कुछ कपड़े खरीदने आया। महिलाएं उसको कपड़े दिखाने लगीं। पसंद करने के लिए उसने और कपड़ों की मांग की।
जैसे ही दोनों महिलाएं कपड़े निकालने लगीं, उसी समय बातें करते-करते युवक ने तकिये के नीचे रखे दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए। उसके बाद कपड़े पसंद न आने की कहकर चला गया। कुछ समय बाद जब महिलाओं ने देखा तो तकिये के नीचे मोबाइल नहीं मिले। इसके बाद इन लोगों ने मुझे जानकारी दी।
दुकान पर पहुंचकर जब सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखा, तो उसमें व्यक्ति दिखाई दिया। वह तकिये के नीचे से मोबाइल निकालकर अपने बैग में रखता दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई है। थाना प्रभारी अलका तोमर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।