ट्रांसमिशन में फाल्ट के कारण शहर में छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। सुबह सात बजे से गुल हुई बिजली दोपहर एक बजे के बाद सुचारु रूप से मिल सकी। सर्दी में बिजली न मिलने से गहराए पेयजल संकट से लोग परेशान हो गए। कड़ाके की सर्दी में लोगों को हैंडपंपों पर जाना पड़ा। बिजली संकट से व्यापार भी प्रभावित रहा।
विद्युत संकट से उपभोक्ताओं को निजात नहीं मिल रही। जलेसर में बिजली संकट से गुस्साए किसान घेरा डालो डेरा डालो आंदोलन कर चुके हैं। रविवार को शहर में भी पांच घंटे बिजली नहीं रही। सुबह से बिजली आपूर्ति गुल हो गई। सुबह लोग सो कर उठे तो बिजली गायब थी। दोपहर बारह बजे तक भी आपूर्ति सुचारु न होने से लोग परेशान हो गए। पेयजल संकट गहरा गया। कारोबारी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। कुटीर उद्योग भी प्रभावित रहे। चक्की संचालक राजकुमार वर्मा का कहना है कि हर घंटे हो रही कटौती से काम प्रभावित है। रविवार की घंटों की आपात कटौती से कारोबार चौपट है। ग्राहक चक्कर काट रहे हैं।
लोहा एवं फर्नीचर कारोबारी अनिल यादव ने कहा कि रविवार को छह घंटे से अधिक की कटौती ने काम प्रभावित किया है। ऐसे में पूर्व में दिए आर्डर का काम पूरा नहीं हो पाया। जनरेटर चलाकर काम करवा रहे हैं।