एटा। नगर पालिका के मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर पर 12 जून की शाम करीब 4.30 बजे आग लग गई थी। इस अग्निकांड में मशीनें, सीसीटीवी और कबाड़ नष्ट हो गया था। पालिका लिपिक की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें 22 लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही गई है।
स्वच्छ भारत मिशन पटल प्रभारी सोवरन सिंह की ओर से लिखाई गई रिपोर्ट में कहा कि एमआरएफ सेंटर में 12 जून की शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। इसमें 4 मशीनें, 8 सीसीटीवी कैमरा और 500 बोरा कबाड़ पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया। मशीनें आदि जलने से पालिका का करीब 22 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने पहुंचकर करीब 5 घंटे में आग पर काबू पाया था।
वहीं पालिकाध्यक्ष सुधा गुप्ता ने बताया कि आग लगने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं है। लिपिक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सेंटर पर दिन में एक कर्मी और रात में दो कर्मचारियों की तैनाती रहती है। दिन में डयूटीरत कर्मचारी धर्मेंद्र कुमार गैर हाजिर पाया गया। इसके चलते निलंबित कर दिया गया है। इस पूरे मामले की जिलाधिकारी की ओर से एडीएम प्रशासन के नेतृत्व में समिति गठित कर जांच कराई जा रही है। वजह सामने आने पर दोषी पाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई कराई जाएगी। मुकदमे के आधार पर पुलिस भी अपने स्तर से जांच करेगी।