एटा/सकीट। कस्बा सकीट में संचालित एक अपंजीकृत क्लीनिक पर शनिवार को नौरंगाबाद निवासी युवक खांसी की दवा लेने के लिए गया था। जहां क्लीनिक संचालक ने उसे इंजेक्शन लगाया। इससे युवक की हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई थी। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंचकर क्लीनिक को सील कर दिया।
डिप्टी सीएमओ डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि सकीट में संचालित राधा कृष्णा क्लीनिक पर शनिवार को गांव नौरंगाबाद निवासी प्रमोद कुमार खांसी की दवा लेने गया था। बताया गया कि इंजेक्शन लगाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। उसी की जांच करने आए गए थे। क्लीनिक अपंजीकृत है। उसको सील करने की कार्रवाई की गई। संचालक के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई। प्रपत्र नहीं दिखाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि शहर के निधौली रोड पर संचालित न्यू पारस नर्सिंग होम की डीएम से शिकायत हुई थी। मामले की जांच को नर्सिंग हो गए। संचालक से नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्लीनिक संचालक पर रिपोर्ट दर्ज
युवक की मौत के मामले में उसके पुत्र राजेश कुमार ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि क्लीनिक संचालक पुनीत राजपूत निवासी रामगढ़ थाना सकीट ने गलत इंजेक्शन लगा दिया। जिससे उनकी मौत हो गई।
-
धड़ाधड़ गिरे झोलाछापों की दुकानों के शटर
सकीट में स्वास्थ्य विभाग की टीम आने की सूचना पर झोलाछापों की दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिर गए। हालांकि टीम राधा कृष्ण क्लीनिक को सील करने के बाद चली गई। जिसके कुछ देर बाद दुकानें फिर खुल गईं। कस्बे में काफी संख्या से अनधिकृत लोग चिकित्सा व्यवसाय कर रहे हैं।