एटा। थाना अलीगंज के गांव हत्सारी में रविवार सुबह गांव के बाहर खेत में आम के पेड़ पर एक युवक का शव लटका मिला था। मृतक के भाई ने हत्या कर शव को लटकाने की आशंका जताई थी। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फंदा लगना बताया गया है।
गांव हत्सारी निवासी दिनेश कुमार ने बताया था कि 5 भाइयों में विवेक कुमार चौथे नंबर का था। जो गुरुग्राम में रहकर एक कोरियर कंपनी में नौैकरी करता था। वह शनिवार को बिना किसी को बताए ही गुरुग्राम से गांव में आया था। रविवार की सुबह जब लोग शौच क्रिया के लिए निकले तो गांव के ही रामनाथ के खेत में आम के पेड़ पर एक युवक को फंदे से लटकता देखा। पास जाकर देखा तो पता चला कि फंदे पर लटका हुआ युवक गांव के ही विवेक कुमार का है। दिनेश ने बताया कि गांव की ही एक महिला के साथ विवेक कुमार का प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसी के बुलाने पर विवेक बिना किसी को बताए गुरुग्राम से गांव आया था। सीओ अलीगंज सुधांशु शेखर ने बताया कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जाएगी।