एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला केवल निवासी एक महिला शनिवार को जमीन के विवाद की तारीख करने अदालत आई थी। परिजन को शाम के समय मेडिकल कॉलेज में बेहोशी की हालत में मिली। परिजन के मुताबिक उसके कुंडल, पायल, मोबाइल चोरी किए गए हैं।
गांव नगला केवल निवासी ब्रजेश ने बताया कि परिवार के लोगों से उसका जमीन का विवाद चल रहा है। शनिवार को मां सुशीला देवी तारीख करने अदालत गईं थीं। काफी देर तक घर नहीं लौटीं तो खोजबीन की। इस पर जानकारी मिली कि वह मेडिकल कॉलेज में हैं। वहां बेहोशी की हालत में मिलीं। ब्रजेश ने शक जताया कि जिन परिजन से जमीन का विवाद चल रहा है शायद उन्हीं ने बेहोश कर सामान चोरी किया है। कोतवाली नगर प्रभारी रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। पता कर मामले की जांच कराई जाएगी।
पंचायत घर से कंप्यूटर व अन्य सामान चोरी
अवागढ़। थाना क्षेत्र के गांव पोंडरी की पंचायत सहायक शिवानी शर्मा ने थाने में अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि शनिवार की रात पंचायत घर का ताला तोड़कर चोर कंप्यूटर, सोलर पैनल सिस्टम व अन्य समान चोरी कर ले गए। रविवार को सफाई कर्मी ने मामले की जानकारी दी। संवाद