सिढ़पुरा से दिल्ली जा रहा ट्रक शुक्रवार की रात्रि सड़क के धसने से पलट गया। ट्रक की टक्कर से पास में बने ढाबे की दीवार भी गिर गई। दीवार की चपेट में आए चार लोग गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों को आगरा रैफर किया गया है।
बता दे कि ट्रक चालक ने भोजन करने के लिए किसान सेवा केंद्र पेट्रोलपंप के नजदीक एक ढाबे पर रुकने के लिए ट्रक को सड़क के किनारे लगाया। पानी भरा होने के कारण नाली के किनारे की सड़क धस गई। इससे ट्रक पलट गया। ट्रक पलट कर ढाबे की दीवार पर गिरा, जिससे दीवार ढह गईं। जहां टीन शेड में सो रहे चार लोग दीवार के मलबे में दब गए। घटना होते ही चीख पुकार मच गईं। आस-पास मौजूद लोगों ने मलबे में दबे ढाबा संचालक अमजद खां, वेटर अब्दुल गफ्फार, नेकराम, गुलाब सिंह आदि को लोगों ने बाहर निकाला। सभी को गंभीर चोटें आ गईं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए आगरा रैफर कर दिया।