जिले में महान दल की स्वाभिमान रैली के साथ ही चुनावी रैलियों का आगाज हो गया है। महानदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने प्रधानमंत्री मोदी की नीयत पर नोटबंदी को लेकर सवाल खड़े किए । वहीं बसपा और सपा पर अपने अपने वेस वोट को पोषित करने का आरोप लगाया। पिछडे़ वर्ग की भर्तियों के नाम पर कुशवाह, माली,पाल सहित अन्य पिछड़ी जातियों के साथ भेदभाव किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मौर्य बारह पत्थर मैदान पर गुरुवार को स्वाभिमान रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कालाधन पर प्रधानमंत्री की नीयत बिल्कुल ठीक नहीं है। चुनाव से पहले उन्होंने स्विस बैंक से कालाधन लाने की बात कही थी, लेकिन नोट बंदी लागू करके जनता को परेशान कर दिया। राजनीतिक दलों को यह बताना चाहिए की चंदे के रूप में मिलने वाले करोड़ों रुपये कहां से आए। उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि राम, हिंदु- मुस्लिम, गाय के नाम पर भाजपा कब तक देश की जनता को गुमराह करती रहेगी।
भाजपा की सरकार वाले प्रदेश राजस्थान की गौशाला में चारा पानी के अभाव में गाय तड़प तड़पकर मर गईं। सपा बसपा पर भी प्रहार करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जातियों का ही विकास किया है। इन दलों को कभी पिछड़े वर्ग और दलित वर्ग की अन्य जातियां विकास के लिए नजर नहीं आईं। उन्होंने कहा कि कासगंज विधानसभा में महानदल के प्रत्याशी पप्पू यादव को विजयी बनाएं जिससे भ्रष्ट नेताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़ी जा सके।
पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुमन शाक्य ने कहा कि जनता को बहकाने के लिए राजनीतिक दलों के तमाम नेता आएंगे। जनता उनके बहकावे में न आए। पार्टी प्रत्याशी पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने हमेशा विकास के लिए राजनीति की है। सोरों में उन्होंने जिस तरह से विकास कराया है वह किसी से छिपा नहीं है। रैली को प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार यादव,जिलाध्यक्ष जय प्रकाश मौर्य, प्रभारी सभाजित मौर्य, शैलेंद्र मौर्य, मुनेंद्र शाक्य, नगरपालिका अध्यक्ष सोरों अर्चना पप्पू यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शैलेश यादव सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।