एटा। अवागढ़ में टूंडला मार्ग पर मंगलवार की सुबह कुछ लोगों ने एक टेंट हाउस दुकानदार को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस के पहुंचने पर दो कार और बाइक से सवार होकर आए हमलावर भाग गए। गंभीर हालत में दुकानदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पांच हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है।
घायल दुकानदार योगेश यादव ने बताया क्षेत्र के गांव कल्यानपुर में रामवीर सिंह की पुत्री की शादी थी जिसमें उनकी दुकान से टेंट का सामान गया था। सामान को वापस करने के लिए मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे आकाश, राजकुमार, ब्रजेश, रामवीर, बंटी दुकान पर आए थे। कुछ सामान खोने पर उसके रुपये और सामान के किराए के रुपये मांगने पर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर उन्होंने गांव फोन कर अपने साथी बुला लिए। फोन पहुंचते ही कल्यानपुर से दो गाड़ी और बाइकों से डेढ़ दर्जन से अधिक लोग आ गए और दुकानदार पर हमला कर दिया। बेरहमी से पीटते हुए हमलावरों ने टेंट संचालक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
हमलावरों ने वीडियो बना रहे लोगों पर पथराव कर खदेड़ दिया। पड़ोस के दुकानदारों के हस्तक्षेप किए जाने और पुलिस के आने पर हमलावर कार एवं बाइकों पर सवार होकर भाग गए। हमलावरों के जाने के बाद सबसे पहले मरणासन्न अवस्था में दुकानदार योगेश को अस्पताल पहुंचाया गया। योगेश के परिजन ने इस मामले में हमलावरों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच हमलावरों को गिरफ्तार किया है। संवाद