औनगांव स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रबंधक पर छात्रा ने बलात्कार का आरोप लगाया है। परिवार ने प्रबंधक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट बागवाला थाने में दर्ज करा दी है। मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रबंधक ने छात्रा के भाई को जान से मारने की धमकी देकर स्कूल बुलाया। स्कूल नहीं पहुंचने पर प्रबंधक ने अश्लील वीडियो वायरल कर दी। छात्रा का कहना है कि स्कूल प्रबंधक ने कई और छात्राओं की अश्लील क्लिप बनाकर उनका शोषण किया है। पुलिस ने अभी तक छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराना तो दूर आरोपी को गिरफ्तार तक नहीं किया है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य का भाई जितेंद्र यादव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय औनपुर का प्रबंधक और प्रिंसिपल है। बागवाला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा उसी स्कूल में पिछले साल हाईस्कूल में पढ़ती थी। छात्रा ने बताया कि पिछले साल मार्च माह में प्रबंधक ने उसे अपने कार्यालय में बुलाया और अश्लील हरकतें कीं। इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो बनाने के बाद इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर कई बार शारीरिक शोषण किया। विरोध करने पर प्रबंधक ने उसके भाई को जान से मार डालने की धमकी दी। कुछ दिन पूर्व प्रबंधक ने उसके भाई के मोबाइल पर फोन किया और कहा कि यदि वह स्कूल नहीं आई तो उसकी अश्लील वीडियो वायरल कर देगा। फिर भी छात्रा स्कूल नहीं गई, इधर प्रबंधक ने उसकी वीडियो वायरल कर दी। सोमवार को छात्रा के परिवारीजनों ने स्कूल प्रबंधक जितेंद्र यादव के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं प्रबंधक के खिलाफ कई नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। नेता बागवाला थाने में जाकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
डीएम और एसएसपी से मिले परिवारीजन
वीडियो वायरल होने के बाद गुरुवार को छात्रा और उसके परिवारीजन डीएम अजय कुमार यादव और एसएसपी अजय शंकर राय से मिले और बयान दर्ज कराए। एसएसपी के आदेश पर बागवाला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा के परिवारीजनों ने डीएम और एसएसपी को दूसरी छात्राओं के अश्लील फोटो भी दिखाए हैं।
परीक्षा में पास कराने का देता था झांसा
छात्रा ने अधिकारियों को बताया कि प्रबंधक छात्राओं को बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। जो छात्रा आनाकानी करती थी उसे अपने कार्यालय में बुलाकर अश्लील हरकतें करते हुए क्लिप लेता था और बाद में ब्लैकमेल करते हुए शारीरिक शोषण करता था।
गांव में तरह-तरह की चर्चा
छात्रा से शारीरिक शोषण, वीडियो वायरल होने और नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बाद गुरुवार को ‘अमर उजाला’ टीम छात्रा के गांव पहुंची तो ग्रामीण प्रबध्ंाक को लेकर चर्चा करते दिखे। उनका कहना है कि प्रबंधक छात्राओं को अपने जाल में फंसा कर दूसरों के सामने परोसता था। इसके चलते कई छात्राओं ने स्कूल जाना छोड़ दिया था। प्रबंधक के काम में स्कूल का स्टाफ भी शामिल है और मामले में उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
छात्रा के परिवारीजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रबंधक जितेंद्र यादव को गिरफ्तार किया जाएगा। बागवाला पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
- अजय शंकर राय एसएसपी