सुबह दस बजते ही धूप प अपने पूरे शबाव पर होती है। ऐसे में बाजार में निकलना लोगों के लिए टेड़ी खीर साबित हो रहा है। मजबूरी में ही लोग बाजार में खरीदारी को निकल रहे हैं। दोपहर के समय बाजारों में भी सन्नाटा पसरा दिखाई देता है। मुंह पर कपड़ा और आंखों पर काला चश्मा बांधकर लोग निकल रहे हैं।
उसके बाद भी लोग डायरिया की चपेट में आ रहे हैं और अस्पताल में मरीजों की लाइन लगी नजर आती है। दूसरी ओर, शीतल पेय पदार्थों की मांग भी बढ़ गई है। शहर में जगह-जगह गन्ना और मौसमी के जूस के ठेले खड़े दिखाई देते हैं जिन पर लोगों की भीड़ लगी रहती है। शुक्रवार को तापमान 46 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। गर्मी के चलते लोग बेहाल नजर आए। दूसरी ओर, गर्मी में बिजली भी धोखा दे रही है। रात के समय होने वाली कटौती लोगों के लिए असहनीय हो रही है।
बिजली कटौती का असर छोटे उद्योगों पर ज्यादा पड़ रहा है। सही बिजली न मिलने से बेल्डिंग करने वाले परेशान हैं। स्पेलर, आटा चक्की आदि भी नहीं चल पा रहे हैं। व्यापारी हाथ पर हाथ रखे बैठे हैं। पूरे दिन खाली बैठने के बाद जेब से मजदूर को मजदूरी अलग से देनी पड़ रही है। दूसरी ओर बड़े उद्योगों पर भी असर पड़ रहा है। डीजल भी पहले से महंगा हो गया है। ऐसे में जेनरेटर चलाकर काम कराना मुश्किल हो रहा है।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल युवा जिलाध्यक्ष अतुल राठी, महामंत्री दिनेश वार्ष्णेय आदि का कहना है कि गत दिन संपन्न हुई उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों ने बिजली न मिलने का मुद्दा उठाया था, साथ ही प्रभारी डीएम से बिजली का रोस्टर बदलने व भरपूर आपूर्ति दिलाए जाने की मांग की थी, लेकिन उस पर अभी तक अमल नहीं हुआ है।
डायरिया आदि की चपेट में आ रहे लोग
एटा। तेज गर्मी के चलते लोग डायरिया आदि की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल व प्राइवेट क्लीनिकों पर मरीजों की लाइन लग रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन आने वाले 600-700 मरीजों में से 50-100 मरीज उल्टी, दस्त, जुकाम, बुखार से पीड़ित होते हैं। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. एस चंद्रा ने बताया कि इसे मौसम में लोगों को सावधानियां बरतने की जरूरत है।
कितने घंटे हो रही कटौती
सुबह साढ़े चार बजे से साढ़े सात बजे तक
दोपहर एक बजे से सायं चार बजे तक
रात आठ बजे से 11 बजे तक
नौ घंटे की कटौती हो रही है। ऊपर से ट्रिपिंग फाल्ट में समय अलग निकल रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शहर में आपूर्ति 16-17 घंटे हो रही है।