रेल विस्तार आंदोलन समिति के सदस्य बुधवार को आगरा में केंद्रीय मानव संसाधन और विकास राज्य मंत्री प्रोफेसर रामशंकर कठेरिया से मिले। केंद्रीय मंत्री से वार्ता के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गांधी ने उन्हें फूल देकर एटा की रेल और शिक्षा समस्या के बारे में बताया।
रेल विस्तार आंदोलन समिति सदस्य दिनेश शर्मा, पंकज मिश्रा, अनुज प्रकाश गुप्ता और पालिका अध्यक्ष राकेश गांधी ने केंद्रीय मंत्री को एटा रेल विस्तार को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन के बारे में बताया। सदस्यों ने केंद्रीय राज्यमंत्री को एटा में रेल विस्तार की मांग को लेकर प्र्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेलमंत्री सुरेश प्रभु, रेल राज्य मंत्री मनोज सिंहा के नाम ज्ञापन सौंपा। समिति सदस्यों की बात सुनने के बाद राज्यमंत्री ने कहा वो एटा में रेल विस्तार की मांग को लेकर जिले भर के लोगों के साथ हैं। उन्होंने समिति सदस्यों को आश्वासन दिया है कि रेल बजट 2016 में एटा जिले को स्थान दिलाने और पूरी ताकत के साथ केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखेंगे। रेल विस्तार आंदोलन समिति सदस्य अनुज प्रकाश गुप्ता ने कहा है जिले में रेल विस्तार नहीं होने तक हाईटेक आंदोलन लगातार चलता रहेगा।