एटा/जलेसर। थाना जलेसर क्षेत्र के गांव नगला पृथ्वी में विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाने का आरोप पिता की ओर से लगाया है। शादी के बाद से ही प्रताड़ित करने की बात कही गई है।
थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव टोडरपुर निवासी राकेश सिंह ने अपनी पुत्री पूजा की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया कि बेटी की शादी 31 मई 2022 को उदयवीर निवासी नगला पृथ्वी के साथ की थी। शादी के बाद से ही बेटी को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था, इस बीच 60 हजार रुपये भी दिए गए थे, लेकिन आए दिन एक लाख रुपये मकान बनाने के लिए मांग की जाती थी। इसको पूरी नहीं कर पाए तो बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को फंदे पर लटका दिया। विवाहिता की हत्या करने का आरोप पति के अलावा जेठ, सास और विवाहिता ननद पर भी लगाया गया है।
बताया कि सोमवार की शाम करीब 7 बजे ग्रामीणों से सूचना मिली थी, तब गांव पहुंचे तो बेटी जमीन पर पड़ी मिली, जबकि ससुरालीजन फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात कह रहे थे। प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, मामले की जांच की जा रही है।