धनतेरस को लेकर बाजार सजा गए हैं। महंगाई के बावजूद व्यापारी और ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दीपावली की तैयारियों को लेकर बाजारों में खासी भीड़ दिखाई दे रही है। यही कारण है कि देर रात तक बाजार गुलजार हो रहे हैं। सर्राफा मार्केट से लेकर आटोमोबाइल बाजार में ग्राहकों की भीड़ दिखने लगी है। मिट्टी की मूर्ती से लेकर घरों को सजाने के लिए चाइनीज झालर की जमकर खरीदारी हो रही है।
खास हैं मिट्टी खरीदारी
घंटाघर स्थित मार्केट में मिट्टी, प्लास्टर पेरिस और सिरेमिक से बनी गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की दो दर्जन से अधिक दुकानें लगी हैं। रविंद्र गोला बताते हैं कि वे लखनऊ, कोलकाता, आगरा, गुजरात और इंदौर से मूर्तियां लेकर आए हैं। 35 रुपये से लेकर चार हजार रुपये कीमत तक की मूर्तियां हैं। डिजाइन किए हुए दीपक, दीये और मोमबत्तियां भी दिखाई दे रहीं हैं।
सर्राफा बाजार में भी बूम
धनतेरस पर्व को लेकर सर्राफा व्यापारियों के चेहरे पर चमक दिखाई दे रही है। इस बार सोने चांदी के आभूषणों के अलावा ग्राहकों को कई घरेलू उपयोग में आने वाली चांदी से निर्मित चीजें ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। इसमें चांदी से बने रेजर हैंडल के साथ शेविंग ब्रश हैं तो महिलाओं के लिए चांदी के हैंडल में कंगी, सेविंग ब्रश, शीशा, बच्चों को दूध पिलाने के लिए चांदी का ग्लास, सिंदूर की प्याली समेत कई फैंसी आइटम हैं। इसके अलावा लक्ष्मी-गणेश सहित कई देवी-देवताओं की चांदी से बनी मूर्तियां भी ग्राहकों की पसंद आ रही हैं। सर्राफा कारोबारी आनंद सर्राफ ने बताया कि महंगाई के बाद भी धनतेरस और दीपावली पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस बार धनतेरस से दो दिन पहले ही बाजार में ग्राहकों की भीड़ के कारण रौनक देखने को मिल रही है, जो अच्छे व्यापार का संकेत है।
आटोमोबाइल मार्केेट में भी भीड़
धनतेरस पर्व से पूर्व शहर के आटोमोबाइल बाजार में भी खासी भीड़ नजर आ रही है। लोग पहले से ही दो व चार पहिया वाहनों की बुकिंग कराने पहुंच रहे हैं। ताकि धनतेरस पर वाहन को घर ला सके। भीड़ इतनी है कि शोरूम संचालक डिलीवरी भी नहीं कर पा रहे हैं। लोग एटा के अलावा आगरा और अलीगढ़ से भी वाहन खरीदने जा रहे हैं।
चाइनीज झालरों ने ली मोमबत्ती की जगह
दीपावली पर घरों को सजाने के लिए लोग घरों को मोमबत्ती की जगह चाइनीज झालरों से सजाने लगे हैं। कम कीमत व अधिक आकर्षण की वजह से लोग इन्हें खरीदना भी पसंद कर रहे हैं।
कपड़ों की भी भारी खरीदारी
शहर के कपड़ों की दुकानों पर भी काफी तादात में ग्राहक दिख रहे हैं। ग्राहकों में ब्रांडेड कपड़े खरीदने का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है। वहीं, महिलाएं भी आकर्षक और डिजाइनर साड़ी खरीदना पंसद कर रही हैं। कपड़ा व्यवसायी की मानें तो इस बार शहर में कपड़ों का व्यापार एक करोड़ के आसपास पहुंचने की उम्मीद है।