पिटाई लगने से घायल हुए अधिवक्ता का मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में होता उपचार। संवाद
एटा। कचहरी से घर लौट रहे अधिवक्ता को गांव से लगभग 200 मीटर पहले कुछ लोगों ने रोक लिया। कार से उतरते ही गाली-गलौज करने लगे। विरोध किया तो लाठी-डंडों व तमंचे की बट से पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अधिवक्ता को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। जहां उनका उपचार चल रहा है।
कोतवाली देहात के गांव नगला सेवा निवासी अजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार की देर शाम कचहरी से काम खत्म कर कार से घर लौट रहा था। गांव से लगभग 200 मीटर पहले एक व्यक्ति कार के आगे आकर गाड़ी रोकने का इशारा करने लगा। गाड़ी रुकते ही कई लोग आसपास आकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पीटना शुरू कर दिया। सारे लोग गांव के ही थे। इनमें से कुछ को पहचान लिया और कई लोग अंधेरे की वजह से देख नहीं पाया। इन लोगों ने लाठी-डंडों व तमंचे की बट से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग व राहगीर मौके पर आए तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
इसके बाद 112 पर कॉल पर पुुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। उपचार के बाद सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया। आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी थाना पुलिस नहीं आई। सीओ सिटी राजेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।