एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की रात युवती ने कमरे को अंदर से बंद कर फंदा लगा खुदकुशी कर ली। इसके बाद परिजन ने अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और पोस्टमार्टम कराया। एक सप्ताह पहले ही उसकी शादी तय की गई थी।
गांव नगला श्याम निवासी देवदत्त सिंह की बेटी पूजा (20) ने साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। पिता ने बताया कि चार बेटा और एक बेटी थी। पत्नी अनार देवी के साथ मैं अपने साढ़ू जुगेंद्र सिंह निवासी गांव कुनैठा थाना बागवाला के घर बुधवार को गया था। वहां देवी जागरण आयोजित किया गया था।
रात में बेटी ने साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। कमरा अंदर से बंद था। सुबह करीब सात बजे तक उसके कमरे से न निकलने पर बेटे ने जाकर देखा तो वह फंदे पर लटकी मिली। बताया कि पिछले वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी और आईटीआई प्रवेश के लिए आवेदन किया था लेकिन नंबर नहीं आ सका।
थाना प्रभारी छत्तर पाल सिंह ने बताया कि परिजन ने बिना सूचना दिए ही अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली थीं। ग्रामीणों से जानकारी मिलने पर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। परिजन से पूछताछ में सामने आया है कि युवती की एक सप्ताह पहले ही शादी तय कर दी थी लेकिन वह शादी नहीं करना चाहती थी। इसकी वजह से तनाव में थी। इसके चलते ही खुदकुशी करने की बात सामने आई है।