जलेसर। पवित्र रमजान का महीना शुक्रवार से शुरू हो रहा है। इसको लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अजान के लिए मस्जिद में लाउडस्पीकर लगाने की इजाजत मांगी। हालांकि उच्च न्यायालय के आदेश का हवाला देकर इन्कार कर दिया गया।
कस्बा अवागढ़ में मस्जिदों में लाउडस्पीकार उतरवा लिए गए थे। इसके बाद से बिना लाउडस्पीकर के ही अजान होती है। लोगों का कहना है कि अब तो सभी जगह अजान लाउडस्पीकार पर हो रही है, लेकिन अवागढ़ में नहीं होने दी जा रही है। बृहस्पतिवार को मुस्लिम समुदाय के लोग उपजिलाधिकारी जलेसर से मिले और मांग रखी।
कस्बा निवासी डॉ. मुनीर खान ने कहा कि सन 2018 में कोर्ट ने आदेश दिया कि किसी भी मस्जिद पर अजान को नहीं रोका जाएगा, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने पुराना आदेश कहकर उस पर रोक लगा दी है। एसडीएम रामनयन ने बताया कि अवागढ़ के कुछ लोग आकर मिले थे, लेकिन हम सरकार के आदेशानुसार किसी भी धार्मिक स्थल पर लाउडस्पीकर नहीं लगवा सकते हैं। यह सरकार और कोर्ट के आदेश के खिलाफ है।