एटा। कोतवाली देहात में एक पीएसी आरक्षी ने युवती के खिलाफ ठगी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि पहले फेसबुक पर दोस्ती की और बाद में अमेजन कंपनी के साथ व्यापार करने के नाम पर एक लाख से अधिक की ठगी कर ली।
जिले की 43वीं वाहिनी पीएसी में तैनात आरक्षी संजय कुमार ने शिवानी नाम की युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि शिवानी ने फेसबुक पर दोस्ती की थी। इसके बाद बातें करने लगी। बाद में अमेजन कंपनी के साथ व्यापार करने का झांसा दिया। मैंने पहले मना किया तो काफी लाभ का प्रलोभन दिया। 26 जून 2023 को पहली बार में 10999, 12890, 10000 रुपये खाता में डलवाए। इसके बाद 3 जुलाई को 35000, 5 जुलाई को 25 हजार और 20998 रुपये डलवाए। बताया कि 10 दिन के अंदर एक लाख 14 हजार 887 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए।
इसके अलावा असली दस्तावेज की कॉपी ले लीं। इनमें ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, विभागीय कार्ड शामिल हैं। बाद में एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया है, तो मांगने पर रकम नहीं भेजी गई। दस्तावेज का दुरुपयोग करने की धमकी दी। तब एसएसपी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी शंभूनाथ सिंह ने बताया कि पीएसी आरक्षी एसएसपी से मिला था। आदेश मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की साइबर सेल से जांच कराई जा रही है।