एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित गांव ककैरा और समदपुर के बीच हाईवे पर ट्रक खड़ा करके चालक ने अपने फोन से वीडियो कॉल चालू करने के बाद तमंचे से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। चालक काफी समय तक तड़पता रहा, रात में हाईवे की पेट्रोलिंग टीम निकली तो सड़क किनारे सूनसान जगह पर खड़ा ट्रक देखा गया तो उसमें गोली लगने से चालक कराह रहा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जिला मैनपुरी थाना कुरावली के गांव बढ़ौलिया निवासी ट्रक चालक राजेश यादव (25) ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या की है। चालक ने खुदकुशी करने से पहले किसी को वीडियो कॉल किया था, घायल मिलने के दौरान वीडियो कॉल चल रही थी। पिता शिवराज सिंह ने बताया कि शनिवार की रात करीब 10 बजे अलीगढ़ के लिए ट्रक लेकर निकला था, लेकिन तड़के करीब 5 बजे बेटे के गोली लगने की सूचना मिली। जब तक मेडिकल कॉलेज आए तब तक मौत हो चुकी थी। वीडियो कॉल किससे की जा रही थी यह जानकारी नहीं है।
प्रभारी निरीक्षक शंभूनाथ सिंह ने बताया कि हाईवे पर रात में पेट्रोलिंग टीम घूमती है, कोई खड़ा वाहन दिखता है तो उससे पूछताछ की जाती है। ट्रक खड़ा पाया गया तब टीम पहुंची, ट्रक से कराहने की आवाजें आ रहीं थीं और अंदर से लॉक था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां पर चिकित्सकों ने कुछ समय उपचार किया लेकिन इलाज के दौरान ही मौत हो गई। बताया कि फोन में वीडियो कॉल चल रही थी, फोन को कब्जे में लिया है और शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है।