एटा। जिले में निराश्रित गोवंश की समस्या को देखते हुए शासन ने दो बड़ी गोशालाओं के निर्माण को मंजूरी दे दी है। पहली गोशाला मारहरा क्षेत्र के रहमतपुर माफी में व दूसरी सकीट क्षेत्र के नगला हरकिशन में बनाई जाएगी। दोनों गोशालाओं के प्रस्ताव पहले ही पास हो चुके हैं और अब इनके निर्माण के लिए प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी आरपी शर्मा ने बताया कि रहमतपुर माफी गोशाला का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करा दिया जाएगा। वहीं नगला हरकिशन में प्रस्तावित गोशाला के लिए भी तैयारियां चल रही हैं। बताया कि दोनों गोशालाएं 10-10 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जाएंगी जहां गोवंश संरक्षण के लिए पर्याप्त स्थान व सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।निर्माण योजना के तहत प्रत्येक गोशाला में एक हेक्टेयर क्षेत्र में चार गोशाला शेड, तीन पानी की होज, गोवंश के चारे के लिए भूसा गोदाम, संचालन व्यवस्था के लिए कार्यालय कक्ष, पूरे परिसर की जरूरतों को पूरा करने के लिए बड़ी पानी की टंकी स्थापित की जाएगी ऊर्जा बचत व सुरक्षा के लिए सोलर लाइटें लगाई जाएंगी, संपूर्ण परिसर को सुरक्षित रखने के लिए तारों की फेंसिंग की जाएगी।बताया कि बचे नौ हैक्टेयर में चारागाह स्थापित किया जाएगा। प्रत्येक गोशाला पर 1.6 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है। बजट को स्वीकृति मिल गई है जल्द ही निर्माण प्रारंभ होने की उम्मीद है। इन दोनों वृहद गोशालाओं के निर्माण से जिले में निराश्रित गोवंश की समस्या पर नियंत्रण मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को होने वाले नुकसान में भी कमी आएगी। प्रशासन का कहना है कि ये गोशालाएं लंबे समय तक गोवंश संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।