सोरों के गोरहा नहर के निकट सोमवार की रात इंडिका की टक्कर से बाइक सवार भतीजे की मौत हो गई जबकि चाचा घायल हो गया। दोनों ने हेलमेट नहीं पहने थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया है। मामले की प्राथमिकी वाहन चालक के खिलाफ कोतवाली में दर्ज की गई है।
उपेंद्र (24) निवासी गऊपुरा अपने चाचा सत्यवीर के साथ कासगंज से शादी के कार्ड बांटकर अपने गांव वापस लौट रहा था। जैसे ही नहर के निकट बाइक पहुंची तो सामने से आ रही इंडिका ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। चालक मौके से गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया। एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घटना की तहरीर मृतक के भाई विनोद ने पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
28 को होनी थी युवक की शादी
कासगंज(ब्यूरो)। युवक उपेंद्र की शादी 28 फरवरी को इस्लाम नगर बदायुं निवासी ओमवती पुत्री दयाराम के साथ होनी थी। वह अपनी शादी के कार्ड बांटने के लिए ही कासगंज आया हुआ था। उसकी मौत की घटना से परिवारीजन स्तब्ध हैं। घर में कोहराम मचा हुआ है। हर किसी की जबां पर हादसे की ही चर्चा है।
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
कासगंज(ब्यूरो)। युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही गांव में शोक का माहौल छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण उसके घर पर एकत्रित हो गए। हर किसी की आंखें नम हो गई। कछला गंगा घाट पर युवक का अंतिम संस्कार किया गया।