एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में एक घर में महिला का शव शनिवार को पड़ा मिला। कमरे में रखा टीवी चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की हालत देखकर दो दिन पहले मौत होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मोहल्ला पटियाली गेट सुंदर लाल स्ट्रीट निवासी किरन देवी (60) का शव घर के कमरे में पड़ा मिला। एक-दो दिन से उनके घर से बाहर न निकलने पर मकान के निचले हिस्से में रहने वाले परिवार वालों ने ऊपर आकर कमरे में झांककर देखा। दुर्गंध आने पर पुलिस व मृतका के भाई को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने निरीक्षण किया। मृतका के भाई कमलेश ने बताया कि बहन नगर पालिका में चतुर्थ श्रेणी के पद पर थीं। 2021 में सेवानिवृत्ति के बाद से घर में ऊपर बने कमरे में अकेली रहती थीं। नीचे उनके देवर व बच्चे रहते हैं।
कमलेश ने बताया कि बहन के दो बच्चे थे। बेटी की शादी कर दी थी। जबकि बेटे की मौत 20 वर्ष पूर्व बीमारी के चलते हो गई। पति की भी मृत्यु हो चुकी है। दामाद राजकुमार का फोन आ रहा था कि मम्मी फोन नहीं उठा रहीं, जिसके बाद नीचे रह रहे बहन के देवर के लड़के संजू को फोन किया। सूचना के बाद लोगों और पुलिस ने दरवाजे को तोड़कर महिला के शव काे बाहर निकाला। कोतवाली नगर प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि महिला कि मौत दो दिन पूर्व हुई है। दरवाजा अंदर से बंद था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।