मिरहची। क्षेत्र के गांव अचलपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत घर-घर पेयजल पहुंचाने के लिए गलियों और नालियों का ध्वस्तीकरण कर दिया गया है, लेकिन इसे ठीक कराना ठेकेदार भूल गए हैं। इसकी वजह से राह निकल रहे लोग गिरकर चुटैल हो रहे हैं।
पेयलज योजना में तोड़ी गई नालियाें एवं गलियों का ठेकेदार द्वारा सही नहीं कराया गया है। जिससे बरसात में मिट्टी बह जाने के कारण गहरे गड्ढे बने गए हैं। रामकिशोर ने बताया कि इसी तरह के एक गड्ढे में उनकी भैंस गिरकर फंस गई। कड़ी मेहनत के बाद लोगों के सहयोग से निकाला जा सका। वहीं रात में मेन रोड से अमांपुर जा रहे दो बाइक सवार भी घायल हो चुके हैं। विनोद कुमार, बिन्नी राम, सत्य प्रकाश, आनंद जयदीप आदि लोगों का कहना है कि पाइप लाइन डालने के लिए गलियां खोदी गईं। लाइन पड़ चुकी है। इसके बावजूद मरम्मत नहीं कराई जा रही है। ठेकेदार हजारीलाल ने बताया कि पाइपलाइन डल चुकी है। जल्द ही गलियां सही कराई जाएंगी।