एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला बनवारी में मंगलवार की सुबह शौच जाते समय सांड़ (गोवंश) ने किसान पर हमला कर दिया और पटक-पटक कर मार डाला। चीख पुकार पर परिजन व ग्रामीण जब तक पहुंचे तब तक मौत हो चुकी थी, लेकिन फिर भी मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां मृत घोषित कर दिया।
गांव नगला बनवारी निवासी सुलह सिंह (40) की सांड़ के हमले से मौत हुई है। बड़े भाई रामवीर सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे खेतों की देखभाल करने और शौच के लिए जा रहे थे। जब खेतों में पहुंचे तो पहले से सांड़ खेत में दिखाई दिया। जिसको भगाने के लिए ललकारा तो सांड़ ने दौड़ा लिया और सींगों पर उठाकर कई बार पटका। आसपास खेतों में पहले से मौजूद लोगों ने सांड़ को ललकारा लेकिन छोड़ा नहीं।
जब काफी संख्या में लोग गांव की ओर से भागे तब सांड़ हटा और भाग गया। बताया कि हमला के दौरान ही भाई की मौत हो गई थी, लेकिन फिर भी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सकों ने जांच पड़ताल के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक निर्दाेष सिंह सेंगर ने बताया कि परिजन व ग्रामीणों ने सांड़ के हमले से मौत होना बताया है। इसके आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराकर सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।