मथुरा वृंदावन से आए बालक को मां के सुपुर्द करतीं चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी ज्योति शर्मा स्रोत
एटा। नयागांव क्षेत्र से जिस बालक को पुलिस ने चाइल्ड हेल्प लाइन वालों को सौंपा था। बृहस्पतिवार को उसकी मां आईं और अपने साथ ले गईं। बताया कि कुछ समय पूर्व बालक को कुत्ते ने काट लिया था तब से ही मानसिक रूप से बीमार चल रहा था।
चाइल्ड हेल्प लाइन प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि मंगलवार की शाम को थाना नयागांव पुलिस की ओर से एक लगभग 10 वर्षीय बालक को हमारे सुपुर्द किया गया था। बालक बार-बार बयान बदल रहा था। कभी अपहरण होने और कभी कुछ और बात कर रहा था। बालक की तबीयत खराब होने पर मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार भी कराया गया।
इसके बाद विभिन्न माध्यमों से संपर्क करते हुए इसकी मां कुंती देवी से बात हुई। वह वृंदावन में प्रेम मंदिर के पास रहती हैं। जानकारी होने पर वह पहचान से संबंधित दस्तावेज लेकर आईं तो बालक को उनके सुपुर्द कर दिया गया। कुंती देवी ने बताया कि बेटे को कुछ दिन पूर्व कुत्ते ने काट लिया था। हालांकि रैबीज का टीका तो लगवा दिया था मगर फिर भी वह अजीब सी हरकतें करने लगा है। इसलिए इसको चेन से बांधकर रखते हैं।
पवांस पर मिले बालक को किया पिता के हवाले
एक 6 वर्षीय बालक बृहस्पतिवार को पवांस गांव के पास मिला। चाइल्ड हेल्प लाइन प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि सूचना पर टीम पहुंची और बालक को सेंटर पर ले आई। इधर-उधर सूचना प्रसारित करने के बाद उसके पिता प्यारेलाल निवासी बागवाला कार्यालय पर आए और बालक उनके सुपुर्द कर दिया गया।