जेएलएन डिग्री कॉलेज की प्रथम व द्वितीय राष्ट्रीय सेवा योजना इकाईयों की छात्राओं ने अंबेडकर बस्ती में पहुंचकर श्रमदान किया। छात्राओं ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता व सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक किया।
श्रमदान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शकील अहमद व डॉ. अनुपम जैन के निर्देशन में हुआ। प्राचार्य डॉ. सत्यपाल सिंह ने छात्राओं के कार्य की प्रशंसा करते हुए अनुशासित रहने की सलाह दी। डॉ. कांता भारद्वाज ने छात्राओं के कार्य को समाज एवं राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। डॉ. हरिओम शर्मा ने छात्राओं को दहेज प्रथा व अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। डॉ. उमा सोलंकी, डॉ. मुकुल भारद्वाज, गरिमा यादव, अंशिका जैन, मोहिनी, शिवांगी, शालनी, निकिता, नेहा, दीप्ति, प्रतीक्षा वार्ष्णेय, काजल वर्मा आदि मौजूद रहे।
श्रीमती शारदा जौहरी नगर पालिका कन्या इंटर कालेज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के शिविर के समापन पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी बहन सरोज ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्राओं को सफलता का गुरु मंत्र देते हुए कहा कि लक्ष्य को केंद्रित करके यदि प्रयास किए जाए तो कोई भी बाधा आपको सफल होने से नहीं रोक सकती। जहां भी हम अपने लक्ष्य से भटक जाते हैं वहीं हम असफल हो जाते हैं। सफलता के लिए एकाग्रचित्त होकर लक्ष्य को केंद्रित कर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने छात्राओं को पांचों इंन्द्रियों को संयमित कर जीवन जीने की प्रेरणा दी। शिविर के दौरान छात्राओं ने सात दिन तक ग्रामीणों को स्वच्छता व सामाजिक कुरीतियों के लिए चलाए गए विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। समापन शिविर पर छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कव्वाली, आरक्षण, वृद्धाश्रम आदि पर नाट्य प्रस्तुति देकर छात्राओं को जागरूक किया। कार्यक्रम अधिकारी मंगला तेलगांवकर ने शिविर में हुए कार्यक्रमों को विस्तार से बताया। इस दौरान ऊषा बंसल, शशिबाला, चित्रा कामठान, भावना टिबंल आदि मौजूद रही।