श्रीराम लीला समिति के तत्वावधान में रात को विशाल महाकाली शोभायात्रा निकाली गई। इसमें शहर की दर्जनभर से अधिक टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। सुबह तीन बजे तक शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली शोभायात्रा में शहर के ही नहीं ग्रामीण अंचल के भी हजारों दर्शक मौजूद रहे।
साढ़े सात बजे सैनिक पड़ाव स्थित श्रीरामलीला मंच से उपजिलाधिकारी सुनील कुमार यादव एवं पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी ने पूजा कर महाकाली शोभायात्रा का शुभारंभ किया। जीटी रोड, सीओ कार्यालय घंटाघर, मेहता पार्क, नन्नूमल चौराहा, लोकमन दास तिराहा, पटियाली गेट, बजरिया होती हुई शोभायात्रा का वली मोहम्मद चौराहे पर समापन हुआ। हजारों की भीड़ से उत्साहित काली मंडल के कलाकार शानदार प्रदर्शन कर रहे थे। तो वहीं जोखिम भरे करतबों को देखकर दर्शक दंग थे। इनामों की बौछार हो रही थी।
शहर वासियों ने भी जगह जगह पर मां काली शोभायात्रा का स्वागत किया। सड़कों पर प्याऊ लगाए गए थे। तो वहीं दर्जनों स्थानों पर पुष्पवर्षा एंव आरती उतार कर मां का स्वागत किया गया। बैंड बाजों की मधुर स्वर लहरियों पर दर्शक झूम रहे थे। तो वहीं मैया के जयकारों से माहौल गूंज रहा था।
भीड़ एवं उत्साह का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि निर्धारित दूरी तय करने में शोभायात्रा को सात घंटे से अधिक का समय लग गया।
शामिल प्रमुख काली मंडलों में श्रीराधा कृष्ण महाकाली मंडल, शीतलामाता काली मंडल, जय करौली माता काली मंडल, श्रीराम महाकाली मंडल, आदर्श माता महाकाली मंदिर, जयमाता महाकाली मंडल, श्री जाहरवीर गोगाजी काली माता मंडल, जय दुर्गे महाकाली मंदिर, शिवशक्ति बाल काली मंदिर, श्री कृष्णा माता महाकाली मंदिर आदि प्रमुख हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले महाकाली मंडल को पुरस्कृत किया जाएगा।