जलेसर क्षेत्र के एक गांव में दबंगों द्वारा दलित युवती के साथ बलात्कार कर हत्या किए जाने के मामले को लेकर शुक्रवार को सैकड़ों बसपा कार्यकर्ताओं ने कचहरी स्थित बसपा कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। बाद में जुलूस निकालते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां एडीएम वित्त राजेंद्र कुमार को आरोपियों की गिरफ्तारी और बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बसपा कार्यकर्ताओं ने शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यमंत्री राजवीर सिंह ने कहा कि हत्या के आरोपियों की एटा-जलेसर पुलिस द्वारा अब तक गिरफ्तारी नहीं की है। आरोपी गांव में घूम रहे हैं। उनके द्वारा अन्य दलित लड़कियों को उठा ले जाने की आए दिन धमकियां दी जा रही हैं। गजेंद्र सिंह चौहान बबलू ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मखौल बनकर रह गई है। अराजकतत्व निरकुंश हैं, उनके द्वारा आए दिन बढ़ी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इसके बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हो रही है।
सत्ता पक्ष के इशारे पर दूसरी पार्टी के नेताओं पर फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं। धरना प्रदर्शन को अमांपुर विधायक ममतेश शाक्य, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज सागर आदि ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर मंडल कोऑडिनेटर धर्मेंद्र सोनी, नूर मोहम्मद, बलवीर भास्कर, अखिलेश दिनकर, रमेश जाटव, जहीर अहमद, जितेंद्र जीत, ज्ञानेंद्र पाल, महेश चंद्र, तहसील दार, नन्नू सिंह वर्मा, भूप सिंह राठौर, श्याम सिंह आदि लोग मौजूद थे।